आगरा (उप्र) 17 अक्टूबर (भाषा) आगरा के रकाबगंज इलाके में शुक्रवार देर रात दो पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर झगड़े के बाद एक व्यक्ति को इमारत की छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। व्यक्ति के परिवार ने शनिवार को यह आरोप लगाया।
घटना शुक्रवार आधी रात के आसपास रावली इलाके में हुई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय ललित राजपूत के रूप में हुई है।
उसके पिता चंदन राजपूत ने बताया कि ललित इमारत की दूसरी मंजिल की छत पर अपने दोस्तों के साथ ताश खेल रहा था।
पिता ने आरोप लगाया कि जुआ खेले जाने की सूचना मिलने के बाद दो पुलिसकर्मी शुभम राठी और आकाश वर्मा वहां पहुंचे और ललित के साथ उनका झगड़ा हो गया, जिसके बाद उन्होंने उसे छत से नीचे फेंक दिया।
पिता ने कहा कि ललित और उसके दोस्त ताश खेल रहे थे, लेकिन जुआ नहीं खेल रहे थे।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। लोगों में गुस्से को देखते हुए कई थानों से पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस उपायुक्त (नगर) रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, “मामले की जांच की जा रही है।”
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब