Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कोटा सड़क हादसे पर दुख जताया

कोटा (राजस्थान), 17 अक्टूबर (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष और कोटा-बूंदी के सांसद ओम बिरला ने शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) जाकर घायल यात्रियों के उपचार की जानकारी ली।

इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य लोग घायल हो गए।

शनिवार सुबह करीब 6 बजे राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास, एक मिनी-बस 15 फुट गहरे नाले में जा गिरी। वाहन में 23 यात्री सवार थे।

यह हादसा आठ लेन वाले एक्सप्रेसवे पर खंभा संख्या 384 के पास हुआ। अधिकारियों को संदेह है कि ड्राइवर को गाड़ी चलाते समय नींद आ गई या उसे झपकी लग गई, जिस वजह से यह हादसा हुआ।

बिरला ने अस्पताल में घायलों से बातचीत की और स्थानीय प्रशासन तथा अस्पताल प्रबंधन को उनकी समग्र चिकित्सा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

दौरे के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए, बिरला ने इस हादसे को ‘‘बेहद दुखद और पीड़ादायक’’ बताया और कहा कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा दल दिल्ली-मुंबई राजमार्ग और अन्य मार्गों का लगातार अध्ययन कर रहे हैं, और इस संबंध में चर्चा करने के लिए नवंबर में एक समीक्षा बैठक निर्धारित की गई है।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश