नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) मध्य दिल्ली में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए अलग-अलग अभियानों के तहत दो स्पा केंद्रों पर छापा मारकर 19 महिलाओं को बचाया गया तथा 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह छापेमारी डीबीजी मार्ग पर स्थित स्पा केंद्रों पर क्रमशः नबी करीम और पहाड़गंज थाना पुलिस की टीमों द्वारा की गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पहले अभियान के तहत, कथित देह व्यापार गिरोह की सूचना की पुष्टि के लिए एक फर्जी ग्राहक भेजा गया था। इसके बाद मारे गए छापे में पुलिस ने 14 महिलाओं को सुरक्षित छुड़ाया और स्पा मालिक, प्रबंधक तथा सात अन्य लोगों सहित कुल नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई 16 अक्टूबर को मिली एक गोपनीय सूचना के आधार पर की गई और इस संबंध में नबी करीम थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई।
अधिकारी ने बताया कि दूसरे अभियान में पहाड़गंज थाना पुलिस ने शनिवार को एक अन्य स्पा पर छापा मारकर पांच महिलाओं को मुक्त कराया और इसके कथित संचालक शकील अहमद (46) को गिरफ्तार कर लिया।
भाषा सुमित शफीक
शफीक