इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कराने के फैसले पर सवाल उठाते हुए शनिवार को कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को आयोग की कथित गड़बड़ियों के लिए अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
सिंह ने इंदौर में संवाददाताओं से बातचीत में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कानूनी आधार और इसकी पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा,‘‘पहली बात तो यह है कि निर्वाचन आयोग ने आखिर इतने गलत तरीके से एसआईआर कैसे कराया? इसके बाद एसएसआर की जरूरत क्यों पड़ी? इसलिए अब सीईसी ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा तुरंत होना चाहिए।’’
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के पास स्थित जमीन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े एक न्यास की आड़ में विशाल होटल और पार्किंग बनाकर उसका अनुचित तरीके से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले की जांच की मांग की।
सिंह ने बताया कि वह विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को उज्जैन से अयोध्या तक ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ पर रवाना होंगे।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि पर बने मंदिर में चंदे और चढ़ावे की कथित चोरी के खिलाफ निकाली जाएगी।
सिंह ने मांग की कि मंदिर के प्रबंधन से जुड़े श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास को तत्काल भंग किया जाए और चंदे व चढ़ावे की चोरी के ‘वास्तविक दोषियों’ के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।
राज्यसभा के पूर्व सदस्य ने यह मांग भी की कि अयोध्या के राम मंदिर के प्रबंधन की जिम्मेदारी 1994 में गठित ‘रामालय ट्रस्ट’ को सौंपी जाए और इसमें किसी भी राजनीतिक दल के नेता को जगह न दी जाए।
भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब