Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

अनंत सिंह ने ‘नौ हत्याओं’ वाले बयान पर दी सफाई

पटना, 17 अक्टूबर (भाषा) जनता दल (यूनाइटेड) विधायक अनंत कुमार सिंह ने शनिवार को दावा किया कि नीतीश कुमार के लिए ‘‘नौ हत्याएं’’ संबंधी उनकी टिप्पणी को गलत समझा गया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी प्रमुख के लिए अपने ‘‘बलिदानों’’ की बात कर रहे थे।

मोकामा से विधायक सिंह ने एक दिन पहले कहा था, ‘‘नीतीश कुमार और मेरे संबंध बहुत पुराने हैं। उनकी मदद करने के लिए मैंने नौ लोगों की हत्या करवाई। जब वह संघर्ष कर रहे थे और राजनीति में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे, तब मैं उनके साथ खड़ा था।’’

विधान परिषद के आगामी चुनाव में अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने से अनंत कुमार सिंह पार्टी से नाराज हैं।

अनंत सिंह की टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा होने के बाद जद(यू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि ऐसे बयान को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। वहीं, अनंत सिंह ने दावा किया कि उनकी बात को गलत समझा गया।

सिंह ने कहा, ‘‘मैं कहना चाह रहा था कि जब लालू जी की पार्टी (राजद) सत्ता में थी, तब मेरे परिवार के नौ सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। इसकी वजह नीतीश कुमार से मेरी नजदीकी थी। लेकिन मेरी बात को गलत समझ लिया गया।’’

अनंत सिंह अक्सर यह कहते रहे हैं कि शिक्षा की कमी के कारण उन्हें अपनी बात सही ढंग से रखने में परेशानी होती है।

अनंत सिंह पूर्व में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में भी रह चुके हैं। वह दिवंगत दिलीप सिंह के भाई हैं, जो लालू प्रसाद की पत्नी राबड़ी देवी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री थे।

अनंत सिंह ने आगामी विधान परिषद चुनाव में जद (यू) के विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार की हार सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। वह लगातार यह कहते रहे हैं कि जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन करना नीतीश कुमार के साथ ‘‘विश्वासघात’’ नहीं है।

जद (यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने अनंत सिंह की ‘‘बगावत’’ और ‘‘नौ हत्याओं’’ वाली टिप्पणी को लेकर खड़े हुए विवाद के बारे में सवाल पर सधी हुई टिप्प्णी की।

राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘पार्टी की प्रदेश इकाई ने उनकी टिप्पणी और इस बारे में उनके स्पष्टीकरण पर ध्यान दिया है। फिलहाल, मैं यह कहना चाहूंगा कि विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) जीत दर्ज करेगा और नीरज कुमार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट बरकरार रखने की स्थिति में हैं।’’

भाषा आशीष अविनाश

अविनाश