मुंबई, 17 अक्टूबर (भाषा) आईसीआईसीआई बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 22.28 प्रतिशत बढ़कर 16,333.18 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने शनिवार को यह जानकारी दी।
निजी क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े बैंक ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 13,357.06 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसका एकल आधार पर शुद्ध लाभ 20.1 प्रतिशत बढ़कर 14,843 करोड़ रुपये हो गया।
आईसीआईसीआई बैंक की मुख्य शुद्ध ब्याज आय सितंबर तिमाही में 17.7 प्रतिशत बढ़कर 25,339 करोड़ रुपये रही। इस दौरान बैंक का ऋण पोर्टफोलियो 30 प्रतिशत बढ़ा, जबकि शुद्ध ब्याज मार्जिन 0.12 प्रतिशत घटकर 4.18 प्रतिशत रह गया।
बैंक के बयान के अनुसार, जमा के मोर्चे पर कुल वृद्धि 27.1 प्रतिशत रही। हालांकि, प्रवासी भारतीयों से प्राप्त जमा को अलग रखने पर यह वृद्धि 17 प्रतिशत होती।
आईसीआईसीआई बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार हुआ। सितंबर तिमाही में सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) का अनुपात घटकर 1.20 प्रतिशत रह गया, जो जून तिमाही में 1.38 प्रतिशत और पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1.58 प्रतिशत था।
बैंक का कुल पूंजी पर्याप्तता अनुपात 30 सितंबर, 2026 तक बढ़कर 16.68 प्रतिशत हो गया, जो पिछले साल की समान तारीख को 15.76 प्रतिशत था।
भाषा यासिर पाण्डेय
पाण्डेय