Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

बंगाल में दुर्गा पूजा पर मिलाजुला रहा कारोबार, छोटे व्यवसायों के लिए चुनौती बढ़ी

कोलकाता, 17 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल में इस साल दुर्गा पूजा के दौरान कारोबार में मिलाजुला रुख रहा। बड़े पैमाने पर पूजा का आयोजन करने वालों, मॉल, संगठित खुदरा कारोबारियों और ई-कॉमर्स मंचों ने जहां अच्छी बिक्री दर्ज की, वहीं छोटे स्तर पर पूजा का आयोजन करने वालों, पारंपरिक बाजारों के दुकानदारों और फेरीवालों को कारोबार में चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले इस साल राज्य में 13,000 अधिक स्थानों पर दुर्गा पूजा आयोजित की गई। हालांकि, बड़े बजट की पूजा और छोटे सामुदायिक आयोजनों के बीच कारोबार के लिहाज से अंतर स्पष्ट बना रहा।

बड़े पैमाने पर और परंपरागत रूप से लोकप्रिय पूजा आयोजकों के यहां बाहरी विज्ञापन के लिए उपलब्ध स्थान पूरी तरह बुक रहे। एलईडी डिस्प्ले के बढ़ते इस्तेमाल के कारण विज्ञापन दरों में कम से कम 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दूसरी ओर, छोटे स्तर पर पूजा आयोजित करने वाले आयोजकों में विज्ञापन की मांग कमजोर रही और कुछ स्थान खाली रह गए।

कोलकाता, हावड़ा और आसपास के इलाकों की 550 से अधिक सामुदायिक दुर्गा पूजा समितियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन ‘फोरम फॉर दुर्गोत्सव’ के पदाधिकारी काजल सरकार ने कहा कि विज्ञापनदाता विभिन्न स्थानों पर खर्च करने के बजाय कुछ खास स्थानों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छोटे पूजा आयोजनों में बाहरी विज्ञापन के करीब 30 प्रतिशत स्थान खाली रह गए।

पायनियर पब्लिसिटी कॉरपोरेशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष अमित मित्रा ने कहा, ‘‘एलईडी डिस्प्ले के कारण बड़े बजट वाले पूजा आयोजनों में विज्ञापन दरें कम से कम 20 प्रतिशत बढ़ गईं, लेकिन ब्रांड ने छोटे आयोजन स्थलों और पूजा समितियों पर खर्च कम करके अपने विज्ञापन बजट को तर्कसंगत बनाया।’’

पार्क स्ट्रीट, कैमक स्ट्रीट और थिएटर रोड विज्ञापन के प्रमुख केंद्र बनकर उभरे। ये इलाके मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में आते हैं।

दूसरी ओर, संगठित खुदरा कारोबार में त्योहार के दौरान अच्छी बिक्री दर्ज की गई। प्रिमार्क प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ पंसारी ने कहा कि कंपनी के मॉल में पूजा से पहले के 45 दिनों के दौरान ग्राहकों की आवाजाही पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 17 प्रतिशत बढ़ी।

इस बीच, कन्फेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशंस (सीडब्ल्यूबीटीए) ने ऑनलाइन बिक्री में वृद्धि और ई-कॉमर्स मंचों की ओर से दी जा रही भारी छूट पर चिंता जताई। संगठन का कहना है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन विक्रेताओं की कीमतों में बढ़ता अंतर पारंपरिक खुदरा कारोबार को नुकसान पहुंचा रहा है।

भाषा यासिर पाण्डेय

पाण्डेय