Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

राजकोट में साक्ष्य जुटाने के दौरान लूट-हत्या के आरोपी ने पुलिस पर चलाई गोली

राजकोट, 17 अक्टूबर (भाषा) गुजरात के राजकोट शहर में 1.53 करोड़ रुपये मूल्य के सोने की लूट और हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने सबूत जुटाए जाने के दौरान पुलिस दल पर गोली चला दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (जोन-2) राकेश देसाई ने बताया कि आरोपी अनुराग सिंह राजपूत को शुक्रवार शाम साक्ष्य जुटाने के लिए हवाई अड्डा थाना क्षेत्र में घटनास्थल पर ले जाया गया था, तभी उसने वहां पहले से छिपाए गए एक हथियार से पुलिसकर्मियों पर दो गोलियां चलाईं। आत्मरक्षा में उपनिरीक्षक ने एक गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी।

देसाई ने बताया कि राजपूत उन 10 आरोपियों में शामिल है, जिन्हें 14 अक्टूबर को लूट के दौरान सोने की एक रिफाइनरी के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने कहा कि लूट और हत्या में इस्तेमाल मुख्य हथियार के अलावा आरोपी ने घटनास्थल पर एक अन्य हथियार भी छिपा रखा था, जिसकी जानकारी पुलिस को नहीं थी। साक्ष्य जुटाए जाने के दौरान उसने इसी हथियार से पुलिस दल पर दो गोलियां चलाईं।

देसाई ने कहा, “उपनिरीक्षक वनराज सिंह डोडिया ने आत्मरक्षा में एक गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी।’’

उन्होंने बताया कि घटना में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

घायल आरोपी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, सोने-चांदी की रिफाइनरी ‘तन्वी एक्सपोर्ट्स इंडिया लिमिटेड’ के कर्मचारी लालजीभाई सरधरा (53) की आरोपियों ने उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब उन्होंने करीब 1.48 करोड़ रुपये मूल्य के 946 ग्राम सोने के बिस्कुट और 4.3 लाख रुपये मूल्य के दो किलोग्राम चांदी के पाउडर से भरा बैग छीनने का विरोध किया था।

आरोपी बैग छीनकर कार से फरार हो गए थे।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, शस्त्र अधिनियम और गुजरात पुलिस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस उपायुक्त जगदीश बांगरवा ने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और उन्हें राजस्थान पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया।

भाषा खारी जोहेब

जोहेब