प्रतापगढ़, 17 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में शनिवार तड़के एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने दावा किया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी क्षेत्र) आलोक कुमार ने बताया कि फतनपुर थाना क्षेत्र के पटहटिया कला गांव में मंजू देवी (40) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना दी गई थी कि लूटपाट के इरादे से घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कुमार के अनुसार, मंजू के पति अजय कुमार यादव ने पुलिस को भी यही जानकारी दी थी हालांकि, बार-बार बयान बदलने के कारण पुलिस को उस पर शक हुआ।
उन्होंने बताया कि सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अजय शराब पीने का आदी है और इस कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
उन्होंने बताया कि शनिवार तड़के हुए विवाद के दौरान अजय ने मंजू के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं. सलीम नेत्रपाल जितेंद्र
जितेंद्र