Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

परमाणु हथियारों से लैस देशों के बीच टकराव की कोई गुंजाइश नहीं: पाकिस्तानी सेना के शीर्ष कमांडर

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 17 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तानी सेना के एक शीर्ष कमांडर ने पाकिस्तान की धरती से होने वाले किसी भी आतंकी हमले का ‘‘कड़ा जवाब’’ देने संबंधी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि परमाणु हथियारों से लैस देशों के बीच टकराव की कोई गुंजाइश नहीं है।

पाकिस्तान की ‘नेशनल स्ट्रैटेजिक कमांड’ के जनरल आमिर रजा ने शनिवार को कहा, “हमारी सीमाओं के पार शत्रुतापूर्ण मंसूबे रखने वालों के लिए हमारा रुख दृढ़ और स्पष्ट है। परमाणु हथियारों से लैस देशों के बीच टकराव या युद्ध की कोई गुंजाइश नहीं है।”

रजा, काकुल में पाकिस्तान सैन्य अकादमी (पीएमए) के 154वें ‘लॉन्ग कोर्स’ के कैडेट की पासिंग आउट परेड को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने इस दौरान दोहराया कि पाकिस्तान अपने भू-भाग के ‘एक-एक इंच’ की रक्षा करने के लिए तैयार है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक दिन पहले सिंह के बयान की निंदा की थी, जिसके बाद रजा की यह टिप्पणी आई है।

विदेश कार्यालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने शुक्रवार को कहा था, “पाकिस्तान भारतीय रक्षा मंत्री की उकसाने वाली टिप्पणियों को खारिज करता है और उनकी निंदा करता है।”

सिंह ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में एक रक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था कि पाकिस्तान की धरती से होने वाली भविष्य में किसी भी आतंकवादी घटना का और भी ‘‘कड़ा जवाब’’ दिया जाएगा।

उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’, बालाकोट हवाई हमलों और सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के जवाब देने के तरीके में निर्णायक बदलाव आया है।

खान ने सिंह के बयानों को ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ करार देते हुए कहा कि पाकिस्तान किसी भी ‘‘गलत सोच के तहत की गई आक्रामक कार्रवाई’’ से अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के संयम और शांति के प्रति प्रतिबद्धता को उसकी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए।

खान ने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई का पुरजोर तरीके से जवाब दिया जाएगा।

भाषा जितेंद्र सुभाष

सुभाष