Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त किए जाने को लेकर स्टालिन ने टीवीके पर निशाना साधा

चेन्नई, 17 अक्टूबर (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त किए जाने के मामले में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के एक पदाधिकारी की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार को टीवीके पर निशाना साधा और सत्तारूढ़ दल को ‘ब्रेकिंग बैड पार्टी’ करार दिया।

स्टालिन ने ‘एक्स’ पर कहा, “टीवीके सिर्फ बुरी पार्टी नहीं, बल्कि ‘ब्रेकिंग बैड पार्टी’ है।”

उन्होंने बताया कि नागपट्टिनम जिले के टीवीके पदाधिकारी भूपालन को केंद्र सरकार के राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया।

भूपालन किलवेलूर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव प्रभारी भी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री विजय सार्वजनिक मंचों से नशे के उन्मूलन पर लगातार उपदेश दे रहे हैं, जबकि शुरुआती जांच में पता चला कि टीवीके का एक सदस्य 135 किलोग्राम मेथामफेटामाइन छिपाकर रखे हुए था।”

उन्होंने कहा कि आरोपी रंगे हाथों पकड़ा गया।

स्टालिन ने सवाल उठाया कि क्या टीवीके नेता अपनी ही पार्टी के भीतर मादक पदार्थों का बड़ा नेटवर्क चलाते हुए जनता को उपदेश दे रहे थे।

उन्होंने कहा, “जब एक ही छापे में इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए जाते हैं, तो अधिकारियों को यह पता लगाना चाहिए कि इसके पीछे और कितने लोग हैं तथा पूरे नेटवर्क को अपने घेरे में लेना चाहिए।”

द्रमुक प्रमुख ने आरोप लगाया, “राजनीति में प्रवेश के महज पांच महीने के भीतर खराब पार्टी की छवि हासिल करने वाली टीवीके अब ‘ब्रेकिंग बैड पार्टी’ के स्तर पर पहुंच गई है।”

द्रमुक प्रमुख की ‘ब्रेकिंग बैड’ संबंधी टिप्पणी इसी नाम की लोकप्रिय वेब सीरीज की ओर स्पष्ट इशारा थी, जिसमें मुख्य किरदार मादक पदार्थ बनाने और बेचने के धंधे में शामिल हो जाता है।

स्टालिन ने कहा, “क्या आप डरे हुए हैं? आगे बढ़ने के साथ स्थिति और भी भयावह होने वाली है।”

उन्होंने मुख्यमंत्री को मादक पदार्थों जैसे मुद्दों पर बोलते समय फिल्मी अंदाज में दमदार संवाद बोलने से बचने की सलाह भी दी।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश