Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

तमिलनाडु के जाने-माने संगीतकार देवा का निधन

चेन्नई, 17 अक्टूबर (भाषा) अपनी अनूठी ‘गाना’ संगीत शैली के लिए लोकप्रिय संगीतकार देवा का शनिवार को चेन्नई में निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।

सूत्रों ने बताया कि देवा ने यहां एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

तमिल भाषी लोगों के बीच लोकप्रिय ‘गाना’ संगीत शैली को पहचान दिलाने में देवा का अहम योगदान रहा। इस शैली के जरिए उन्होंने समाज के वंचित तबकों के जीवन, उनकी पसंद-नापसंद और युवाओं की रोजमर्रा की जिंदगी के उतार-चढ़ाव को मुख्यधारा के संगीत में जगह दी।

करीब चार दशक के अपने करियर में देवा ने 400 से अधिक फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया। इनमें रजनीकांत अभिनीत ‘अन्नामलाई’ (1992) और ‘बाशा’ (1995) जैसी बेहद सफल फिल्म शामिल हैं।

इसके अलावा उन्होंने कमल हासन अभिनीत ‘पम्मल के. संबंदम’ (2002) और उसी साल रिलीज हुई ‘पंचतंथिरम’ के लिए भी संगीत तैयार किया था।

देवा अपनी दमदार आवाज के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने खुद भी कई तरह के गीत गाए थे।

कई फिल्मों में उनका दिया पार्श्व संगीत आज तक लोकप्रिय है। इनमें रजनीकांत की सुपरहिट फिल्म ‘बाशा’ का जोश से भरपूर ‘बाशा, बाशा’ संगीत भी शामिल है।

तमिल फिल्म ‘सूरियन’ (1992) में हास्य अभिनेता गौंडामणि के मजेदार दृश्यों के लिए देवा का तैयार किया गया संगीत आज भी दर्शकों को याद है। यह संगीत इतना लोकप्रिय हुआ कि देवा के हाल के संगीत कार्यक्रमों में भी इसे बजाया जाता था। इसे सुनकर दर्शक हंसते-हंसते लोटपोट हो जाते थे और कई लोग गौंडामणि की तरह नाचने लगते थे।

देवा अक्सर सफेद पायजामा-कुर्ता और सफेद सैंडल पहनते थे, जो उनकी खास पहचान बन गए थे। बताया जाता है कि उन्होंने रजनीकांत से प्रेरित होकर सफेद सैंडल पहनना शुरू किया था।

देवा के बेटे श्रीकांत देवा भी जाने-माने संगीत निर्देशक हैं।

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, फिल्म जगत से जुड़े लोगों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने देवा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल