Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

चाकारा बढ़त पर, भारत के छह खिलाड़ियों ने कट में जगह बनाई

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) स्पेन के यूजीनियो चाकारा ने डीपी वर्ल्ड इंडिया गोल्फ चैंपियनशिप में खराब मौसम के कारण शनिवार को समाप्त हुए दूसरे दौर के बाद एक शॉट की बढ़त बना ली है, जबकि छह भारतीय खिलाड़ियों ने कट में जगह बनाई।

भारत के ओम प्रकाश चौहान, युवराज संधू, अनिर्बान लाहिड़ी, शिव कपूर, करणदीप कोचर और सप्तक तलवार इस 40 लाख अमेरिकी डॉलर इनामी प्रतियोगिता में कट में जगह बनाने में सफल रहे।

चाकारा ने दूसरे दौर में तीन अंडर 67 का स्कोर बनाकर कुल 10 अंडर 134 का स्कोर हासिल किया। स्कॉटलैंड के स्कॉट जैमीसन ने भी 67 का स्कोर बनाया और उनका कुल स्कोर नौ अंडर 135 हो गया है। पांच खिलाड़ी आठ अंडर 136 के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर है।

भारतीय खिलाड़ियों में चौहान (68-72) सबसे आगे हैं। वह चार अंडर 140 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 29वें स्थान पर चल रहे हैं। उनके बाद संधू (75-68) और लाहिड़ी (70-73) का नंबर आता है जो एक अंडर 143 के स्कोर के साथ संयुक्त 53वें स्थान पर हैं।

कट हासिल करने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ी कपूर (72-72), कोचर (72-72) और तलवार (71-73) हैं। यह तीनों 144 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 63वें स्थान पर हैं।

इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सात मेजर चैंपियन रहे खिलाड़ियों में से पांच ने कट में जगह बनाई। उत्तरी आयरलैंड के रॉरी मैकलॉय छह अंडर 138 के स्कोर के साथ संयुक्त 12वें स्थान पर हैं। उनके अलावा आयरलैंड के शेन लोरी (75-65), आरोन राय (69-74), जस्टिन रोज़ (72-72) और पैट्रिक रीड (75-69) ने भी कट में जगह बनाई।

डैनी विलेट अस्वस्थ होने के कारण टूर्नामेंट से हट गए, जबकि रयान फॉक्स (76-70) कट में जगह नहीं बना पाये।

भारत के जो खिलाड़ी कट में जगह नहीं बना पाए उनमें सचिन बैसोया (74-71), राशिद खान (77-69), वीर अहलावत (74-72), शुभंकर शर्मा (76-72), अजितेश संधू (74-78), कार्तिक सिंह (76-76) और शौर्य भट्टाचार्य (78-74) शामिल हैं।

भाषा

पंत मोना

मोना