(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 17 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में शनिवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) ने यह जानकारी दी।
हालांकि, शुरुआती खबरों के अनुसार, भूकंप से जान-माल के किसी नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजकर सात मिनट पर आया। इसका केंद्र बलूचिस्तान के खुजदार कस्बे से 48 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में जमीन की सतह से 25 किलोमीटर की गहराई में था।
पीएमडी के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र के भूकंप विज्ञानी शफीक उर रहमान ने एक बयान में बताया कि देश के भूकंप निगरानी नेटवर्क ने 5.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया।
इससे पहले फरवरी में भी बलूचिस्तान प्रांत में 5.6 तीव्रता का भूकंप आया था। फरवरी में आए उस भूकंप के झटके सुबह साढ़े छह बजे महसूस किए गए थे। इसका केंद्र खुजदार कस्बे से 86 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में सतह से 13 किलोमीटर की गहराई में था।
उस भूकंप के झटके बलूचिस्तान के झाल मगसी, जाफराबाद और नसीराबाद के अलावा पड़ोसी सिंध प्रांत के सुक्कुर, कंबर, शहदादकोट और दादू समेत कई जिलों में भी महसूस किए गए थे।
पाकिस्तान भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है, जिसके कारण वहां अक्सर अलग-अलग तीव्रता का भूकंप आता रहता है। देश में 2005 में सबसे विनाशकारी भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता 7.6 थी। इस भूकंप में 74,000 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
भाषा सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल