Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

ग्रेटर नोएडा: एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध अवस्था में मौत, खाद्य विषाक्तता की आशंका

ग्रेटर नोएडा, 17 अक्टूबर (भाषा) ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के एक गांव में कथित खाद्य विषाक्तता से एक दंपति और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, महेश (37), पत्नी ललिता (35), बेटी मिष्टी (सात) और बेटे लड्डू (11) तथा साक्षत (तीन) शनिवार सुबह नगला श्री पदम गांव में मृत पाए गए।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला खाद्य विषाक्तता का लग रहा है। महेश की मां के अनुसार, परिवार ने पिछली रात नूडल्स खाए थे। घटना के बाद फॉरेंसिक अधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जेवर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक धीरेंद्र सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि उन्होंने इस दुखद घटना के बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय को जानकारी दे दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस बात का पता लगाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि परिवार ने जो भोजन किया था, उसमें कोई जहरीला पदार्थ मौजूद था या किसी अन्य कारण से मौत हुई। मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकती है।’’

सिंह ने कहा, ‘‘एक परिवार के पांच सदस्यों की असमय मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। पुलिस, प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम जांच में जुटी हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि घटना के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जल्द से जल्द यह पता लगाया जाना चाहिए कि आखिर किस वजह से पूरे परिवार की मौत हुई।’’

भाषा शोभना नेत्रपाल

नेत्रपाल