सहारनपुर (उप्र), 17 अक्टूबर (भाषा) सहारनपुर जिले में 86 वर्षीय सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ने अपने पौत्र पर धोखाधड़ी कर बैंक खाते से पांच लाख रुपये अपने खाते में हस्तांतरित करने और पूछताछ करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सदर बाजार थाने के प्रभारी नेमचंद सिंह ने शनिवार को बताया कि जिले के अंबेहटा चांद स्थित जनता इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य रह चुके सर्वोदय नगर निवासी सत्यपाल सिंह ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
सिंह के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनके पौत्र प्रताप सैनी ने आठ से 13 मई के बीच बीमारी के दौरान उनके बैंक खाते से बिना अनुमति के पांच लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से अपने बैंक खाते में अंतरित कर लिये थे।
उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार जब सत्यपाल सिंह को खाते से रकम हस्तांतरित किए जाने की जानकारी हुई तो उन्होंने प्रताप से इस बारे में पूछताछ की। आरोप है कि इस पर प्रताप सैनी ने उनके साथ बदसुलूकी की और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं. सलीम सिम्मी शोभना
शोभना