Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

दिल्ली के द्वारका में ट्रक ने दो मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के द्वारका में एक ट्रक ने यातायात सिग्नल के पास दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शुक्रवार देर रात करीब पौने एक बजे सेक्टर 18 में क्रिसेंट अपार्टमेंट चौराहे के पास हुई। ट्रक कथित तौर पर लापरवाही से चलाया जा रहा था। मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है जिसके सिर में गंभीर चोट आई थी।

अधिकारियों ने बताया कि गौरव को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका शव दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है।

पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान हितेश (18), हर्षित (20) और ध्रुव (23) के रूप में हुई है।

इसने कहा कि हितेश और हर्षित को पहले इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें अन्य बेहतर चिकित्सा केंद्रों में भेज दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि ध्रुव को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है और चिकित्सकों के अनुसार वह बयान देने की हालत में नहीं है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी ट्रक चालक होतम सिंह (41) को पकड़ लिया गया है।

पुलिस ने ट्रक, दोनों मोटरसाइकिल और अन्य सबूतों को अपने कब्जे में ले लिया है। अपराध जांच दल ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया।

इसने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल