नोएडा (उत्तर प्रदेश), 17 अक्टूबर (भाषा) नोएडा में शनिवार सुबह एक कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक छात्र की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में आरक्यूब मोनाड मॉल के पास हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
थाना प्रभारी डीपी शुक्ल ने बताया कि दुर्घटना में कार सवार नितिन (18) और मनोहर झा (18) गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि दोनों को नोएडा के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। मनोहर झा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा संस्थान भेज दिया गया।
शुक्ल ने बताया कि नितिन ग्रेटर नोएडा स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं सिम्मी खारी
खारी