Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

गुजरात के भरूच में रसायन फैक्टरी में विस्फोट से पांच श्रमिकों की मौत, पांच घायल

भरूच, 17 अक्टूबर (भाषा) गुजरात के भरूच जिले में रसायन फैक्टरी में विस्फोट होने से पांच श्रमिकों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि वागरा तालुका के सायखा जीआईडीसी क्षेत्र में स्थित सिंजील फार्माकेम में शुक्रवार रात करीब 10 बजे हाइड्रोजनीकरण की प्रक्रिया के दौरान विस्फोट हुआ और इसके बाद मेथिलीन डाइक्लोराइड (एमडीसी) गैस का रिसाव भी हुआ।

भरूच की उप-मंडल मजिस्ट्रेट मनीषा मनानी ने बताया कि सायखा में सिंजील फार्माकेम की स्थापना केवल एक साल पहले हुई थी। यह कंपनी दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उत्पाद बनाती है।

उन्होंने कहा कि संदेह है कि विस्फोट हाइड्रोजनीकरण की प्रक्रिया के दौरान हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रिएक्टर टैंक फट गया और मशीनों के कलपुर्जे परिसर में दूर-दूर तक बिखर गए।

पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाणा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अमोद के जयदीप महेशभाई पटेल और भाविक दिलीपकुमार वसावा, गिर सोमनाथ जिले में तलाला के वृंद तलाविया तथा उत्तर प्रदेश के अनिकेत हरिलाल गौतम और अर्जुनकुमार रामसिंह गौतम के रूप में हुई है।

मकवाणा ने बताया कि घायलों में पवनकुमार रामसिंह गौतम, मौसमकुमार रामसेवक यादव, शिवदयाल रामअवतार यादव, प्रतीक प्रवीण प्रजापति और प्रियांशु बहादुरलाल शामिल हैं। ये बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।

औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय (डीआईएसएच) के एक अधिकारी ने बताया कि हाइड्रोजनीकरण की प्रक्रिया के दौरान हुए विस्फोट के कारण मेथिलीन डाइक्लोराइड (एमडीसी) गैस का रिसाव हुआ।

गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, डीआईएसएच और पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा शोभना सिम्मी

सिम्मी