हैदराबाद, सात अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने शनिवार को कहा कि देश पिछले कई दशकों से जिन आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा था, उनका पारंपरिक परिदृश्य अब पूरी तरह बदल चुका है और उन्हें अब पलटा नहीं जा सकता।
मोहन ने यहां सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एसवीपीएनपीए) में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 78वें नियमित भर्ती बैच की दीक्षांत परेड को संबोधित करते हुए कहा कि सशस्त्र नक्सलवाद अब निर्णायक रूप से समाप्त हो चुका है जबकि पूर्वोत्तर में उग्रवाद अब बेहद सीमित स्तर पर रह गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘देश में पनपे आतंकवाद का लगभग खात्मा हो चुका है, जबकि विदेश से प्रेरित आतंकवाद अब देश के किसी अन्य हिस्से में दिखाई नहीं देता।’’
उन्होंने प्रशिक्षण पूरा कर रहे आईपीएस अधिकारियों से मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर अपराध और घुसपैठ जैसी नयी आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहने का आग्रह किया।
भाषा जितेंद्र सिम्मी
सिम्मी