Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 15 फुट गहरे नाले में गिरी मिनी बस, चार लोगों की मौत

कोटा, 17 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब 17 यात्रियों को लेकर जा रही एक मिनी बस के 15 फुट गहरे नाले में गिरने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब छह बजे एक्सप्रेसवे पर सिमलिया थाना क्षेत्र में हुई।

हादसे की सूचना मिलते ही आपात कर्मियों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया हालांकि, नाले में जमा कीचड़ और पानी के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं।

पुलिस के मुताबिक, क्षतिग्रस्त मिनी बस को बाहर निकालने और उसमें फंसे यात्रियों को बचाने के लिए क्रेन की मदद ली गई।

सिमलिया के थाना प्रभारी नंद सिंह ने बचाव अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस के मलबे से अब तक चार शव निकाले जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के समय मिनी बस में करीब 17 यात्री सवार थे और इनमें से दो यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं जबकि कई अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

अधिकारी ने बताया कि घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और एमबीएस (महाराव भीम सिंह) अस्पताल सहित नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में ले जाया जा रहा है।

सिंह ने बताया कि घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन एंबुलेंस तैनात की गई हैं।

उन्होंने बताया कि फिलहाल चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन बचाव अभियान जारी रहने के कारण अधिकारियों को मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

अधिकारी ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

भाषा जितेंद्र सिम्मी

सिम्मी