कन्नूर, 17 अक्टूबर (भाषा) केरलम में कन्नूर जिले के पप्पिनिसेरी में शुक्रवार रात चलती मिनी लॉरी से गिरे ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए विस्फोट की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार 48 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान थालीपरम्बा में केरलम राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) में कार्यरत श्रीजीत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, श्रीजीत शुक्रवार रात करीब नौ बजे काम खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर चिरक्कल लौट रहे थे।
उसने बताया कि इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुंगम के पास ऑक्सीजन सिलेंडर ले जा रही एक मिनी लॉरी से सिलेंडर गिरकर श्रीजीत पर जा गिरा और उसमें विस्फोट हो गया।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सिलेंडर लॉरी से कैसे गिरा।
अधिकारियों ने आशंका जताई कि लॉरी का पिछला दरवाजा खुल जाने के कारण सिलेंडर गिरा होगा।
हादसे के बाद श्रीजीत को गंभीर हालत में पप्पिनिसेरी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले की जांच के तहत लॉरी को जब्त कर लिया है।
भाषा जितेंद्र सिम्मी
सिम्मी