जयपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 5.45 लाख से अधिक आवेदन मिले हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजस्थान में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित रहे सभी पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान एक अक्टूबर से चलाया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि विशेष अभियान के तहत 15 अक्टूबर तक प्रदेश में मतदाता सूची मैं नाम जोड़ने के कुल 5,45,863 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 18-19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 3,03,110 आवेदन शामिल हैं, जिनमें 31,600 अग्रिम आवेदन तथा एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक प्राप्त 2,71,510 आवेदन सम्मिलित हैं।
वहीं इसी अवधि में 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के 2,42,753 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
आधिकारिक बयान के अनुसार महाजन ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के साथ बैठक कर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित युवा एवं मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण के विशेष अभियान की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने तथा सभी पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भाषा पृथ्वी रंजन
रंजन