श्रीनगर, 16 अक्टूबर (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने पुलवामा जिले के पूर्व चरमपंथियों को हिरासत में लिए जाने के मामले में जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।
महबूबा के मुताबिक ये चरमपंथी दशकों पहले हिंसा का रास्ता छोड़ चुके हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि रत्नपोरा गांव के 60 वर्ष से अधिक उम्र के पूर्व चरमपंथियों को काकापोरा स्थित विशेष अभियान समूह (एसओजी) के शिविर में हिरासत में लिया जा रहा है।
महबूबा ने कहा, ‘‘यह बेहद दुखद है कि पुलवामा के रत्नपोरा के 60 वर्ष से अधिक उम्र के पूर्व चरमपंथियों को ढूंढकर हिरासत में लिया जा रहा है। इन लोगों ने दशकों पहले हिंसा का रास्ता छोड़ दिया था और अब वे दादा बन चुके हैं।’’
उन्होंने इस कार्रवाई के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि मनमाने ढंग से हिरासत में लिए जाने से उन परिवारों को गहरा मानसिक आघात पहुंचता है, जो अपनी जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।
महबूबा ने कहा, ‘‘मैं जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से अनुरोध करती हूं कि वे तत्काल हस्तक्षेप करें और उनकी रिहाई सुनिश्चित करें।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन