जयपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान में कांग्रेस शनिवार को सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेगी और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का पुतला जलाएगी।
राठौड़ ने हाल ही में कथित तौर पर एक विवादित टिप्पणी की थी 'अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच (क्रिकेट) मैच हो तो हम पाकिस्तान के साथ हैं क्योंकि वह पड़ोसी है।'
पार्टी के महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि यह फैसला राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर लिया गया है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब भाजपा कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में राठौड़ ने कथित तौर पर उक्ति टिप्पणी की।
राठौड़ ने यह भी कहा था कि जो लोग मैच में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की हार पर पटाखे फोड़ते हैं वे देशभक्त नहीं हैं।
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद भाजपा नेता ने दावा किया कि उनके बयानों को तोड़-मरोड़ कर और संदर्भ से हटकर पेश किया गया है।
चतुर्वेदी ने राठौड़ के बयान की निंदा की और आरोप लगाया कि इससे भारतीय सैनिकों, शहीदों और आतंकी हमलों में मारे गए लोगों के परिवारों का अपमान हुआ है।
उन्होंने अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत और पुलवामा हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों की शहादत का जिक्र किया।
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर पाकिस्तान को लेकर दोहरा रुख अपनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, 'भाजपा पाकिस्तान को लाल ऑंख दिखाने और सबक सिखाने का वादा कर चुनाव लड़ती है और सत्ता पर काबिज होने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पाकिस्तान के साथ खड़े होने की बात कहते हैं।'
उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी के साथ साथ पार्टी के अग्रिम संगठन 17 अक्टूबर को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ का पुतला जलाएंगे।
भाषा पृथ्वी रंजन
रंजन