Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

मुलायम को पद्म विभूषण देने के पीछे कई कारण थे : राजनाथ सिंह

लखनऊ, 16 अक्टूबर (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित करने के पीछे कई कारण थे। हालांकि, उन्होंने इन कारणों का खुलासा नहीं किया।

लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों ने सिंह से सवाल किया कि वर्ष 1990 में अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के समर्थक कारसेवकों पर पुलिस गोलीबारी का आदेश देने के लिए भाजपा द्वारा मुलायम सिंह यादव की लगातार आलोचना किए जाने के बावजूद उन्हें यह सम्मान क्यों दिया गया।

इस पर राजनाथ सिंह ने कहा, ''चलिए, देखते हैं, उसके कई कारण थे। बहुत-बहुत धन्यवाद।'' इसके बाद उन्होंने संवाददाता सम्मेलन समाप्त कर दिया।

इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे।

वर्ष 1990 में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और उससे जुड़े संगठनों के हजारों कारसेवक कर्फ्यू और प्रशासनिक पाबंदियां तोड़कर विवादित राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद स्थल की ओर बढ़े थे। वे वहां राम मंदिर निर्माण की मांग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने गोलीबारी की थी।

इस घटना के बाद विहिप ने यादव को ''मुल्ला मुलायम'' नाम दिया था। सपा पर तुष्टीकरण की राजनीति के आरोप भी लगते रहे हैं।

मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर 2022 को निधन हो गया था। उन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पांच अप्रैल 2023 को यह सम्मान प्रदान किया।

भाषा आनंद रंजन

रंजन