अहमदाबाद, 16 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को गुजरात के गांधीनगर जिले के रूपाल स्थित वरदायिनी माता मंदिर में भगवान शिव की 81 फुट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखी।
शाह ने अपने परिवार के साथ जिले के मानसा स्थित बहुचराजी माता मंदिर में भी दर्शन किए और शारदीय नवरात्र के छठे दिन शाम को पूजा-अर्चना की और आरती में भाग लिया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘शाह ने गांधीनगर जिले के रूपाल स्थित प्रसिद्ध वरदायिनी माता मंदिर में दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान शिव की 81 फुट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला भी रखी।’’
शाह गांधीनगर से लोकसभा सदस्य हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, सुबह उन्होंने अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में स्थित प्रेरणा तीर्थ जैन देरासर का दौरा किया, जहां उन्होंने आध्यात्मिक गुरु गच्छाधिपति पूज्य नर रत्न सूरीश्वरजी महाराज का आशीर्वाद लिया।
इसके बाद उन्होंने अहमदाबाद के पालड़ी इलाके में स्थित श्री विश्वानंदिकार जैन संघ का दौरा किया। वहां उन्होंने एक अन्य आध्यात्मिक गुरु गच्छाधिपति पूज्य उदय रत्न सूरीश्वरजी महाराज साहेब से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर शाह ने जैन धर्म के आध्यात्मिक मूल्यों और संतों की परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
भाषा गोला रंजन
रंजन