Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

राजस्थान के अजमेर में युवकों ने 10वीं के छात्र को पीटा, मौत: पुलिस

जयपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में कुछ युवकों ने एक विवाद के बाद दसवीं कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट की, जिसके बाद अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार पीड़िता की पहचान अजमेर के अजय नगर निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उसकी बृहस्पतिवार रात जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

रामगंज के थानाधिकारी हरिपाल सिंह ने बताया कि यह घटना सात अक्टूबर को हुई थी, जब रोहित अपने दोस्तों के साथ एक जन्मदिन की पार्टी में गया था।

पुलिस के अनुसार,रोहित के एक दोस्त और मनोज नाम के एक युवक के बीच बहस हो गई। जब मनोज ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी तो रोहित ने बीच-बचाव किया और उसे ऐसा करने से रोका।

बाद में मनोज कथित तौर पर 10-12 लोगों के साथ भगवानगंज चौराहे पर पहुंचा और रोहित तथा उसके दोस्तों के साथ मारपीट की।

इस हमले में रोहित की नाक पर गंभीर चोटें आईं। उसने अपने पिता को इस बारे में बताया जो उसे पुलिस थाने ले गए। इसके बाद उसे जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आठ अक्टूबर को मारपीट और अजा/जजा (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

इसके अनुसार 13 अक्टूबर को रोहित की सर्जरी हुई और अगले दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि, 14 अक्टूबर की रात उसे पेट में तकलीफ हुई और 15 अक्टूबर को उसे फिर से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाधिकारी ने कहा कि छात्र की मौत के बाद अब इस मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।

भाषा पृथ्वी रंजन

रंजन