इंदौर, 16 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि इस साल अल नीनो के प्रभाव के कारण मॉनसूनी बारिश में कमी के बावजूद राज्य में सोयाबीन उत्पादन के शुरुआती आंकड़े उत्साहवर्धक हैं।
यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के प्रमुख सोयाबीन उत्पादक राज्यों में शामिल है और राज्य सरकार कृषि आधारित उद्योगों एवं प्रसंस्करण गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने इंदौर में अंतरराष्ट्रीय सोयाबीन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, 'इस बार अल नीनो का जो भी असर हुआ, वह किसी भी व्यक्ति के बस में नहीं था।’’
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद मुझे प्रसन्नता है कि राज्य में सोयाबीन उत्पादन को लेकर जो आंकड़े आ रहे हैं, वे उत्साहवर्धक हैं।
उन्होंने कहा कि सोयाबीन के राष्ट्रीय रकबे में प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 45 प्रतिशत है।
मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर में शुक्रवार से शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय सोयाबीन सम्मेलन में अलग-अलग देशों के कारोबारी, वैज्ञानिक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन दो दिन चलेगा।
भाषा हर्ष रंजन
रंजन