नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कनाडा यात्रा की तारीखों को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिलहाल चर्चा जारी है।
प्रेसवार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से दिसंबर में मोदी की प्रस्तावित कनाडा यात्रा की तारीखों के संबंध में आई खबरों पर सवाल किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘कनाडा की विदेश मंत्री दिल्ली आई थीं। वह कुछ दिन पहले यहां आई थीं। उन्होंने विदेश मंत्री से मुलाकात की और दोनों के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री से भी मुलाकात की। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री की कनाडा यात्रा पर चर्चा हुई। यात्रा की तारीखों पर फिलहाल चर्चा जारी है और उचित समय पर इसकी घोषणा की जाएगी।’’
बहरहाल, कनाडा में भारतीय उच्चायोग ने बृहस्पतिवार देर रात (भारतीय समयानुसार) सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 11-12 दिसंबर, 2026 को कनाडा की यात्रा करेंगे।’’
जब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से यह स्पष्ट करने को कहा गया कि क्या यात्रा की तारीखों पर अब भी चर्चा चल रही है, तो उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच तारीखों पर ‘‘फिलहाल बातचीत चल रही है।’’
उच्चायोग ने अपनी पोस्ट में कनाडा के एक मीडिया संस्थान की खबर का लिंक भी साझा किया था। इस खबर में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के हवाले से कहा गया था कि प्रधानमंत्री मोदी के 11 और 12 दिसंबर को कनाडा आने की उम्मीद है।
कार्नी ने यह भी कहा था कि यह यात्रा टोरंटो और ओटावा में होगी। उन्होंने कहा था, ‘‘हम देखेंगे कि क्या हम यात्रा का दायरा बढ़ा सकते हैं।’’
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को दिल्ली में अपनी कनाडाई समकक्ष अनीता आनंद से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों पक्षों ने उच्चस्तरीय द्विपक्षीय संपर्कों में ‘‘तेजी बनाए रखने’’ और उन्हें ठोस परिणामों में बदलने के महत्व पर जोर दिया।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, भारत और कनाडा प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत का अगला दौर नवंबर की शुरुआत में भारत में करेंगे।
दोनों देशों के मुख्य वार्ताकारों ने नौ अक्टूबर को कनाडा में व्यापार आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के लिए बातचीत का पांचवां दौर पूरा किया था।
मंत्रालय ने कहा कि बातचीत का अगला दौर नवंबर की शुरुआत में भारत में होगा।
भाषा गोला रंजन
रंजन
रंजन