Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

दस हजार रुपये के लेनदेन को लेकर साथी की हत्या करने वाला युवक गिरफ्तार

गोपेश्वर, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में दस हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने कथित तौर पर अपने 28 वर्षीय साथी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है और वह कर्णप्रयाग क्षेत्र में खच्चरों के जरिए रेत-बजरी की ढुलाई करता था।

उन्होंने बताया कि आरोपी सुनील कुमार (28) चमोली जिले के थराली क्षेत्र का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार को सेमी गांव में हुई, जहां पानी की टंकी के पास सुमित गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, उसके सिर और शरीर पर चोटें थीं।

उन्होंने बताया कि उसे उप जिला चिकित्सालय, कर्णप्रयाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शी अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि सुनील ने सुमित पर बांस के डंडे से हमला किया और फिर फरार हो गया। अशोक के अनुसार, सुमित की आवाज सुनकर वह बीच-बचाव करने पहुंचा था, लेकिन आरोपी ने उसे धमकी देकर भगा दिया।

एसपी ने बताया कि दोनों पिछले 15-20 दिनों से साथ में रेत-बजरी ढुलाई का काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि सुनील पर सुमित के दस हजार रुपये बकाया थे और इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

उन्होंने बताया कि मृतक के बड़े भाई विपिन कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुनील को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किए गए बांस के दो डंडे बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट, कर्णप्रयाग की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।

भाषा सं दीप्ति रंजन

रंजन