चेन्नई, 16 अक्टूबर (भाषा) सचिवालय में शुक्रवार को आयुध पूजा के सिलसिले में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान कपूर जलाने से अग्नि अलार्म बज उठा, जिससे कुछ देर के लिए कर्मचारी घबरा गए।
कार्यालय में कपूर जलाने वाले कर्मचारी और पूजा में शामिल अन्य लोग अचानक अग्नि अलार्म बजने से हैरान रह गए।
सूत्रों के अनुसार, जिस अभिलेखागार शाखा में कपूर जलाया गया था, वहां लगे अत्यधिक संवेदनशील स्वचालित धुआं सेंसर ने कपूर से उठने वाले घने धुएं का पता लगाया और तुरंत इमारत में आपातकालीन सायरन चालू कर दिए। इससे सचिवालय में मौजूद दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मी तत्काल उस शाखा की ओर दौड़े।
अचानक अग्नि अलार्म बजने से कई कर्मचारी बड़ी आग लगने की आशंका में अपने कार्यालयों से बाहर निकल आए। दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर प्रणाली को ठीक किया और स्थिति सामान्य की।
आयुध पूजा 19 अक्टूबर को है। सार्वजनिक अवकाश होने के कारण कर्मचारियों ने शुक्रवार शाम को ही कार्यालय को सजाया तथा अगरबत्तियां जलाईं।
भाषा शुभम रंजन
रंजन