चेन्नई, 16 अक्टूबर (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम के स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार को कॉजपा नेता अभिजीत दीपके और आइसा प्रमुख नेहा बोरा को तुरंत रिहा करना चाहिए और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को दबाना बंद करना चाहिए।
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस बारे में जानकारी मांगी कि दीपके और बोरा कहां हैं।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष ने कहा, ‘‘उनके ठिकाने की जानकारी दिए बिना उन्हें हिरासत में रखना स्पष्ट रूप से गैरकानूनी और बेहद अमानवीय है। केंद्र सरकार को उन्हें तुरंत रिहा करना चाहिए और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को दबाना बंद करना चाहिए। आंदोलन को कुचलने की हर कोशिश उसे और मजबूत ही करेगी।’’
‘‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा’’ की मांग दोहराते हुए स्टालिन ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के पास इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) नेता अभिजीत दीपके और ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) प्रमुख नेहा बोरा को शुक्रवार को ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जाते समय दिल्ली पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया। दीपके कनॉट प्लेस जा रहे थे, जबकि बोरा को मंडी हाउस जाना था।
भाषा आशीष गोला
गोला