नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) ने शुक्रवार को अपने नेताओं अभिजीत दीपके और नेहा बोरा के ठिकाने को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में विरोध प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद दोनों को वकीलों और सहयोगियों से मिलने नहीं दिया जा रहा है।
कॉजपा ने आरोप लगाया कि उसके संस्थापक अभिजीत दीपके को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है और संगठन का उनसे संपर्क टूट गया है। वहीं, आइसा ने दावा किया कि उसकी अध्यक्ष नेहा बोरा को मंगोलपुरी स्थित मादक पदार्थ रोधी कार्यबल प्रकोष्ठ में अकेले रखा गया है।
कॉजपा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस अभिजीत दीपके को किसी अज्ञात स्थान पर ले गई है। हमारा उनसे संपर्क टूट गया है। उन्हें वकीलों से बात करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।’’
कॉजपा ने कहा, ‘‘यह सरकार युवाओं के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार क्यों करती है? हम भारत के समान अधिकार वाले नागरिक हैं और संविधान के तहत मिलने वाले सभी संरक्षणों और अधिकारों के हकदार हैं!’’
कॉजपा ने सवाल किया, ‘‘दिल्ली पुलिस, आप अभिजीत को कहां ले गए हैं? आपको हमें जवाब देना होगा। अभिजीत हाथ में तिरंगा लेकर अपने घर से बाहर निकले थे! तिरंगा लेकर चलना अपराध कैसे हो सकता है?’’
पोस्ट में कहा गया, ‘‘आप एक अभिजीत को हिरासत में लेते हैं, तो हजारों अभिजीत खड़े हो जाएंगे। आप एक सौरव को जेल में डालते हैं, तो हजारों सौरव सड़कों पर उतरेंगे। आप एक आशुतोष को जेल में डालते हैं, तो हजारों आशुतोष दिल्ली पहुंचेंगे। तिरंगा हमारी जान है, तिरंगा हमारी शान है। हमें कोई नहीं रोक सकता।’’
आइसा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नेहा बोरा को मंगोलपुरी स्थित मादक पदार्थ रोधी कार्यबल प्रकोष्ठ में अकेले हिरासत में रखा गया है।
एक अन्य पोस्ट में संगठन ने दावा किया कि बोरा को मंगोलपुरी स्थित मादक पदार्थ रोधी कार्यबल थाने से ऐसी कार में किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है, जिन पर अवैध रूप से काली फिल्म चढ़ाई गई है।
आइसा के पूर्व अध्यक्ष एन साई बालाजी ने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस कृपया जवाब दे कि नेहा बोरा को सादे कपड़ों में आए लोगों ने बस में अकेले हिरासत में क्यों लिया? उनके आखिरी ठिकाने से पता चलता है कि उन्हें मंगोलपुरी स्थित मादक पदार्थ रोधी कार्यबल प्रकोष्ठ ले जाया गया था। फिर थाना यह क्यों कह रहा है कि वह वहां नहीं हैं?’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या दिल्ली पुलिस उन्हें अगवा करने और गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है?’’
भाषा आशीष रंजन
रंजन