Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

राहुल गांधी आजादी के बाद से अब तक के सबसे 'गैर-जिम्मेदार' विपक्षी नेता: किशन रेड्डी

हैदराबाद, 16 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को हटाने संबंधी टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी आजादी के बाद से अब तक के सबसे “गैर-जिम्मेदार” विपक्षी नेता हैं।

रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी बांग्लादेश और श्रीलंका की तर्ज पर राजग सरकार को हटाने की बात कर रहे हैं, लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं होगा।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, “मैं गांधी (राहुल) को चुनौती देता हूं। अगर आपमें हिम्मत है, तो सरकार गिराकर दिखाइए।”

राहुल गांधी ने 10 अक्टूबर को कहा था कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाया जाएगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार भी जाएगी।

उन्होंने कहा था कि इसके बाद लोकतंत्र को दुरुस्त करने का काम शुरू होगा।

रेड्डी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के खिलाफ साजिश रचने के लिए “देश के भीतर और बाहर की कई राष्ट्रविरोधी ताकतें” एकजुट हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि ये ताकतें अपने प्रयासों में नाकाम रही हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनिया की कुछ पूंजीवादी ताकतें, “अंतरराष्ट्रीय डीप स्टेट मीडिया” और भारत के बढ़ते सम्मान को स्वीकार नहीं कर पाने वाली ताकतें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं।

भाषा सुमित रंजन

रंजन