नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल परिसर से एक नवजात शिशु को कथित तौर पर अगवा कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में एक महिला ने बच्चे की मां से बातचीत शुरू की और जब मां पानी लेने गई, तो वह बच्चे को लेकर गायब हो गई।
सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में शाहदरा जिले के जीटीबी एन्क्लेव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
हालांकि, अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं है।
प्राथमिकी में कहा गया है कि डेढ़ महीने के बच्चे को इलाज के लिए 15 अक्टूबर को अस्पताल लाया गया था। शिकायत के अनुसार, मां सुबह करीब 10.30 बजे अस्पताल पहुंची और नवजात को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य भवन में ले गई। डॉक्टर से परामर्श करने और अस्पताल की डिस्पेंसरी से बताई गई दवाएं लेने के बाद, वह तेज बारिश होने के कारण अपने बेटे के साथ बाहर बैठ गई।
इसमें कहा गया है कि इस दौरान काले रंग का बुर्का पहने एक महिला उसके पास आई और बातचीत करने लगी।
प्राथमिकी में कहा गया है कि महिला ने उससे पूछा कि वह कहां रहती है और जब बच्चे की मां ने बताया कि वह नंद नगरी के सी-3 ब्लॉक में रहती है, तो महिला ने भी उसी इलाके में रहने का दावा किया।
दोपहर करीब 12.30 बजे मां अपने बेटे को उस महिला के पास छोड़कर पानी लेने चली गई। शिकायत के अनुसार, जब वह वापस लौटी तो नवजात और महिला दोनों गायब थे।
प्राथमिकी में कहा गया है कि मां ने आसपास के इलाके में तलाश की लेकिन उसका बेटा नहीं मिला, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो अपहरण से संबंधित है। मामले की जांच का जिम्मा एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) को सौंपा गया है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश