नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने ओडिशा में छात्रसंघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रदर्शन की शुक्रवार को सराहना की।
नवीन ने कहा कि परिषद की जीत दर्शाती है कि युवाओं ने “अराजकता की राजनीति” को नकार दिया है और उनमें राष्ट्रवाद के प्रति “अटूट विश्वास” है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि उसने 13 विश्वविद्यालयों में अध्यक्ष पद की आठ और महासचिव पद की 11 सीट पर जीत हासिल की है।
इसने दावा किया कि इनमें से छह विश्वविद्यालयों में उसने सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की।
एबीवीपी को उसकी सफलता पर बधाई देते हुए नवीन ने कहा कि यह जीत ‘‘युवाओं के नाम पर अराजकता फैलाने की राजनीति’’ को नकारते हुए राष्ट्रवाद और राष्ट्रहित के प्रति युवा शक्ति के अटूट विश्वास को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित भारत का युवा आज राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नवीन ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ओडिशा में छात्र संघ चुनावों में शानदार जीत हासिल करने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सभी विजयी उम्मीदवारों और समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’
भाषा
देवेंद्र रंजन
रंजन