ठाणे, 16 अक्टूबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे शुक्रवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना में शामिल हो गए।
इस मौके पर शिंदे ने कहा कि उन्होंने कई वर्षों तक दुबे के काम को देखा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर संगठन का पक्ष रखने वाला एक पार्टी कार्यकर्ता अब असली शिवसेना में शामिल हो गया है।
शिंदे ने कहा कि दुबे शिवसेना के कामकाज से परिचित थे और पार्टी नेता राहुल कनाल उनके साथ लगातार संपर्क में थे।
दुबे का स्वागत करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह सही पार्टी में शामिल हुए हैं।
शिंदे ने कहा, 'शिवसेना कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां कोई मालिक नहीं है; हर कोई पार्टी कार्यकर्ता के रूप में काम करता है।'
दुबे के साथ शिंदे के गुट में शामिल होने वाले अन्य नेताओं में गुलाबचंद मौर्य, सुनील चौबे, बृजेश मौर्य, दशरथ प्रजापति, प्रवीण दुबे और धनंजय गुप्ता शामिल हैं।
भाषा सुमित रंजन
रंजन