Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

रेलवे बोर्ड ने स्टेशन मास्टर के पद पर सीधी भर्ती की न्यूनतम आयु सीमा 18 से बढ़ाकर 20 वर्ष की

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) रेलवे बोर्ड ने स्टेशन मास्टर के पद पर सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष से बढ़ाकर 20 वर्ष कर दी है। यह बदलाव सात अक्टूबर से लागू हो गया है।

बोर्ड ने भारतीय रेलवे स्थापना नियमावली में संशोधन किया है। इसमें पहले स्टेशन मास्टर के पद पर भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित थी।

सात अक्टूबर को जारी एक आधिकारिक पत्र में कहा गया है, ‘‘बोर्ड ने अब स्टेशन मास्टर के पद पर सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष से बढ़ाकर 20 वर्ष करने का निर्णय लिया है।’’ यह पत्र सभी क्षेत्रीय रेलवे और उत्पादन इकाइयों के महाप्रबंधकों के साथ-साथ रेलवे भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों को भेजा गया था।

पत्र में कहा गया है, ‘‘यह संशोधन इस पत्र के जारी होने की तारीख से लागू होगा। जिन मामलों में भर्ती प्रक्रिया पहले से जारी है और जिनके लिए केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना जारी की जा चुकी है, उन पर पहले के भर्ती नियमों के अनुसार ही कार्यवाही की जाएगी।’’

ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन (एआईएसएमए) ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे एसोसिएशन की लंबे समय से की जा रही मांग बताया।

एआईएसएमए के महासचिव शरद चंद्र पुरोहित ने कहा, ‘‘स्टेशन मास्टर के पद पर सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक है। ऐसे में संभावित उम्मीदवार स्नातक की पढ़ाई पूरी करने तक 20 वर्ष की आयु तक पहुंच जाते हैं या उससे अधिक उम्र के हो जाते हैं। कोई भी उम्मीदवार 18 वर्ष की उम्र में स्नातक की पढ़ाई पूरी नहीं करता। इसलिए, यह संशोधन शैक्षणिक योग्यता की आवश्यकता के अनुरूप है।’’

भाषा गोला रंजन

रंजन