मुंबई, 16 अक्टूबर (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने आखिरकार इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट खोल लिया है। सोशल मीडिया मंच पर कदम रखने के बाद पिता-पुत्र की जोड़ी ने एक-दूसरे के साथ मजाकिया बातचीत की और अभिनेता के इंस्टाग्राम पर आने को लेकर एक-दूसरे की चुटकी ली।
सैफ ने हाल ही में अपने घर की लाइब्रेरी में खिंचवाई गई तस्वीरें साझा करके इंस्टाग्राम पर शुरुआत की।
इब्राहिम अपने पिता को इस मंच पर देखकर हैरान नजर आए। उन्होंने टिप्पणी की, ‘‘ये आप ही हैं, अब्बा? नहीं ना?’’
फिल्म ‘रेस’ के अभिनेता सैफ ने जवाब में इब्राहिम के बचपन की एक पुरानी तस्वीर साझा की और पूछा कि क्या मई 2008 की इस तस्वीर में दिख रहा छोटा बच्चा उनका बेटा है।
इब्राहिम ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, ‘‘शायद ऐसा ही है।’’
सैफ ने आगे मजाक जारी रखते हुए लिखा, ‘‘एक तस्वीर हजार शब्दों के बराबर होती है! हेलो बेटा!’’
पिता-पुत्र के बीच हुई इस बातचीत ने ऑनलाइन लोगों का ध्यान खींचा। प्रशंसकों ने दोनों के बीच इस हल्के-फुल्के संवाद का आनंद लिया।
एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने टिप्पणी की, ‘‘अब्बा थोड़े धीमे हैं... लगता है अब उन्हें कुछ सबक सिखाने का समय आ गया है। सैफ, आपका स्वागत है! अब आप भी इस दुनिया में आ गए।’’
एक अन्य उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘‘इब्राहिम, यकीन नहीं होता कि तुमने सच में पूछा कि ये आप हैं, अब्बा?’’
एक उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘‘आखिरकार अब्बा जान इंस्टाग्राम पर आ ही गए।’’
इंस्टाग्राम पर कदम रखने के बाद से सैफ के 2.3 लाख से अधिक फॉलोअर हो चुके हैं। वह फिलहाल पांच लोगों को फॉलो कर रहे हैं। इनमें इब्राहिम, पत्नी करीना कपूर खान, बहन सोहा अली खान, बेटी सारा अली खान और करिश्मा कपूर शामिल हैं।
भाषा राखी रंजन
रंजन