नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली दो टेस्ट मैचों की शृंखला के लिए तेज गेंदबाज आकाश दीप और अंशुल कंबोज की भारतीय टीम में वापसी हुई है तो वहीं नियमित कप्तान शुभमन गिल के टेस्ट क्रिकेट की तैयारी पर ध्यान देने के कारण श्रेयस अय्यर आखिरी दो वनडे में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।
आकाश दीप हाल ही में पीठ के निचले हिस्से की चोट से उबरकर मैदान पर लौटे हैं। उन्होंने पिछली बार 2025 में इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट क्रिकेट खेला था, जहां उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा था। कंबोज को इंग्लैंड में टेस्ट पदार्पण के बाद टीम से बाहर कर दिया गया था।
दोनों तेज गेंदबाज न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट शृंखला से पहले तीन बहुदिवसीय मुकाबलों में न्यूजीलैंड ए के खिलाफ खेलने वाली भारत ए टीम का भी हिस्सा हैं। भारतीय टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वे न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
हाल के दिनों में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले गुरनूर बराड़ को टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली है। बाएं पसली की चोट से उबर रहे ऋषभ पंत को फिटनेस मंजूरी मिलने की शर्त पर टीम में शामिल किया गया है।
तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड दौरे पर केवल टेस्ट शृंखला में खेलेंगे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच वनडे मैचों की शृंखला चार नवंबर से शुरू होगी, जबकि टेस्ट शृंखला का आगाज 19 नवंबर से होगा। शुभमन गिल पहले तीन वनडे में टीम की कप्तानी करेंगे। इसके बाद वह टेस्ट क्रिकेट की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करेंगे। केएल राहुल भी तीसरे वनडे के बाद लाल गेंद के प्रारूप की तैयारी को प्राथमिकता देंगे।
श्रेयस अय्यर चौथे और पांचवें वनडे में टीम की अगुआई करेंगे। तिलक वर्मा की भी वनडे टीम में वापसी हुई है। उन्होंने पिछली बार दिसंबर 2025 में 50 ओवर के प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को अंतिम दो वनडे के लिए पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है।
अनुभवी हरफनमौजा रविंद्र जडेजा को वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया है।
भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगी।
भारत की टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर, फिटनेस मंजूरी मिलने पर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा (फिटनेस मंजूरी मिलने पर), आकाश दीप, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज।
पहले तीन वनडे के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव।
आखिरी दो वनडे के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर और उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता