Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

'पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त': दिनदहाड़े हो रही हत्याओं पर सचिन पायलट

चंडीगढ़, 16 अक्टूबर (भाषा)। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को दावा किया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है और दिनदहाड़े हत्याओं की घटनाएं तेजी से आम होती जा रही हैं।

पंजाब के पांच दिवसीय दौरे पर पहुंचे पायलट ने यहां संवाददाताओं से कहा, “गिरोहों से जुड़ी हिंसा बढ़ रही है और दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।”

उन्होंने दावा किया कि पंजाब में आतंकवाद के चरम दौर में भी ऐसी स्थिति नहीं थी। पायलट ने कहा कि अब पुलिस थानों पर ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया जा रहा है।

चंडीगढ़ पहुंचने के बाद पायलट ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के साथ मानसा का दौरा किया और नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिजनों से मुलाकात की। झोटा की तीन दिन पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पंजाब के अपने पांच दिवसीय दौरे के दौरान पायलट कथित तौर पर गिरोहों से जुड़ी हिंसा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस महासचिव एवं पंजाब के पार्टी प्रभारी पायलट राज्य के 11 जिलों—मोगा, बठिंडा, मानसा, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन और अमृतसर—का दौरा करेंगे।

पार्टी की ओर से बृहस्पतिवार को जारी बयान के अनुसार, पायलट प्रत्येक जिले में पीड़ित परिवारों के घर जाकर उनके प्रति संवेदना व्यक्त करेंगे। इस दौरान वह परिवारों से अपराध की घटनाओं और पुलिस तथा राज्य सरकार की ओर से की गई कार्रवाई के बारे में भी जानकारी लेंगे।

बयान में कहा गया, “इनमें से कई हत्याओं की जिम्मेदारी संगठित गिरोहों ने ली है या उनका संबंध ऐसे गिरोहों से बताया गया है। कई परिवार गिरफ्तारी, आरोपपत्र दाखिल होने या निष्पक्ष सुनवाई की उम्मीद में महीनों से, जबकि कुछ परिवार वर्षों से इंतजार कर रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य इन परिवारों को अपनी बात रखने का अवसर देना है।”

पायलट ने कहा कि पंजाब दौरे के दौरान वह गिरोहों की हिंसा और नशे की समस्या से प्रभावित परिवारों से मिलकर उनके दुख में शामिल होना चाहते हैं। साथ ही, वह उन्हें भरोसा दिलाना चाहते हैं कि न्याय की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।

पंजाब में नशे की समस्या से जुड़े सवाल पर पायलट ने आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार की आलोचना की। साथ ही, उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से पंजाब में मादक पदार्थों और आग्नेयास्त्रों की तस्करी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस समस्या से निपटने के लिए केंद्र सरकार क्या कदम उठा रही है।

नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पायलट ने कहा कि झोटा पंजाब से ‘चिट्टा’ और अन्य मादक पदार्थों को खत्म करना चाहते थे।

उन्होंने कहा कि झोटा के अभियान को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। पायलट के अनुसार, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस झोटा को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

भाषा शुभम रंजन

रंजन