प्रतापगढ़, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बर्तन व्यवसायी की हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी और उसके कथित प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने बताया कि कोतवाली लालगंज पुलिस ने सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के खास बाजार निवासी बर्तन व्यवसायी उमाशंकर कौशल उर्फ गुड्डू (45) का शव शीतलमऊ नहर के पास काली माता मंदिर के निकट से बरामद किया था।
उन्होंने बताया कि उमाशंकर के भाई दीपू कौशल की तहरीर पर उमाशंकर की पत्नी सुमन देवी और उसके कथित प्रेमी शहंशाह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान बिट्टू तिवारी और रजत तिवारी के नाम भी सामने आए।
पुलिस के अनुसार, सुमन और शहंशाह के कथित तौर पर अवैध संबंध थे। इसकी जानकारी होने पर उमाशंकर विरोध करता था। इसी विवाद के चलते चारों आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
राय ने बताया कि कोतवाली लालगंज पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की संयुक्त कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर सुमन देवी को कालाकांकर रोड से आगे राजेंद्र नगर तिराहे के पास नहर की पटरी से गिरफ्तार किया गया।
वहीं, लालगंज थाना क्षेत्र के धारूपुर निवासी शहंशाह, विशाल शुक्ला उर्फ बिट्टू और अविनाश तिवारी उर्फ रजत को जगन्नाथपुर नहर पुलिया से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या का अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत