चंडीगढ़, 16 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वीडन यात्रा के दौरान राज्य सरकार ने स्वीडिश कंपनियों के साथ 4,000 करोड़ रुपये के आशय पत्रों (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए हैं। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया कि इस महत्वपूर्ण यात्रा ने हरियाणा और स्वीडन के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोले हैं।
नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को चार दिवसीय यात्रा पर स्वीडन पहुंचा था। बयान के अनुसार इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य हरियाणा में विदेशी निवेश आकर्षित करना, वैश्विक औद्योगिक साझेदारियों को मजबूत करना और प्रौद्योगिकी तथा टिकाऊ विकास में सहयोग को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह यात्रा वैश्विक निवेश मानचित्र पर हरियाणा की स्थिति को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।
इस दौरान गुरुग्राम और स्टॉकहोम के बीच शहर-से-शहर सहयोग समझौता हुआ। दोनों शहर तकनीकी नवोन्मेष, स्मार्ट सिटी समाधान, टिकाऊ शहरी विकास, ज्ञान के आदान-प्रदान और निवेश प्रोत्साहन पर मिलकर काम करेंगे। यह सहयोग दोनों शहरों की दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करेगा।
बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने खुदरा और भंडारण क्षेत्रों में 1,000 करोड़ रुपये के आशय पत्रों पर भी सहमति जताई।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण