Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

एएआईबी ने डीजीसीए को पायलटों के प्रशिक्षण रिकॉर्ड की जांच का दिया सुझाव

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) विमान हादसों की जांच करने वाली एजेंसी एएआईबी ने सिफारिश की है कि नियामक डीजीसीए को ‘फिक्स्ड-विंग’ विमानों के पायलट के प्रशिक्षण रिकॉर्ड की एक बार जांच करनी चाहिए। यह जांच विशेष रूप से गैर सूचीबद्ध संचालकों के लिए होनी चाहिए, ताकि यह पुष्टि की जा सके कि हर ‘सिम्युलेटर’ प्रशिक्षण सत्र के दौरान सभी अनिवार्य अभ्यास पूरे किए गए हैं।

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने गैर-सूचीबद्ध और सामान्य विमानन संचालकों को निर्देश जारी करने का भी सुझाव दिया है, ताकि वे यह सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट कार्यप्रणाली विकसित करें कि पायलट को नियामक नियमों के अनुसार सभी अनिवार्य प्रशिक्षण दिए जाएं, जिनमें गंभीर आपात स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण भी शामिल है।

ये सिफारिशें 14 सितंबर, 2023 को मुंबई हवाई अड्डे पर वीएसआर वेंचर्स के लियरजेट 45एक्सआर विमान वीटी-डीबीएल के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच से जुड़ी अंतिम रिपोर्ट का हिस्सा हैं। इस दुर्घटना में विमान में सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें छह यात्री और चालक दल के दो सदस्य शामिल थे।

विशाखापत्तनम से गैर-निर्धारित उड़ान भरने वाला यह विमान मुंबई हवाई अड्डे पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारण टैक्सीवे की एक लाइट भी टूट गई थी।

एएआईबी ने अपनी अंतिम रिपोर्ट में कहा, ‘‘दुर्घटना का संभावित कारण उड़ान दल द्वारा खराब मौसम की स्थिति में भी विमान को अस्थिर तरीके से उतारने की प्रक्रिया जारी रखने का निर्णय और विमान को अनुचित तरीके से संभालना था। इसके कारण कम ऊंचाई पर विमान का एयरोडायनामिक संबंधी संतुलन बिगड़ गया और विमान इससे उबर नहीं सका।’’

रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अन्य कारकों में उड़ान दल द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन नहीं करना शामिल था। इसमें कम गति का संकेत बढ़ने के बावजूद विमान की गति पर नजर नहीं रखना और निगरानी कर रहे पायलट द्वारा विमान को दोबारा उड़ान भरने का निर्देश देने में देरी करना शामिल था।

इन निष्कर्षों के मद्देनजर एएआईबी ने सुरक्षा संबंधी कई सिफारिशें की हैं। इनमें यह सुझाव भी शामिल है कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) पायलट के ‘सिम्युलेटर’ प्रशिक्षण के दौरान, लैंडिंग कॉन्फ़िगरेशन में ‘स्टॉल रिकवरी’ को शामिल करने पर विचार कर सकता है।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश