Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

उत्तराखंड : रेखा आर्य के पति ने उन पर 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जुटाने का आरोप लगाया

देहरादून, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य द्वारा मारपीट और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज कराए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को उनके पति गिरधारी लाल साहू ने पलटवार करते हुए आर्य पर 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जुटाने का आरोप लगाया।

एक वीडियो जारी कर साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आग्रह किया कि वह मंत्री पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच किसी उपयुक्त एजेंसी से कराने का आदेश दें। हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेजी सबूत पेश नहीं किया, लेकिन कहा कि वह इस बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

साहू ने बृहस्पतिवार शाम को मंत्री रेखा आर्य द्वारा साझा की गई ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी ‘एआई से तैयार’ बताया। उन्होंने कहा कि इसे ‘घर तोड़ने’ के लिए तैयार किया गया है।

साहू ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए आर्य से मुकदमा वापस लेने की अपील की।

मंत्री को पद के कारण पैदा हुए ‘घमंड’ के प्रति आगाह करते हुए साहू ने कहा कि ऐसा लगता है कि वह सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ने में उनकी (साहू की) भूमिका को भूल गई हैं।

साहू ने दावा किया कि उन्होंने 17 साल तक आर्य के साथ काम किया, उनके चुनाव अभियानों को संभाला और उनके लिए वोट मांगे, लेकिन अब वही उन पर आरोप लगा रही हैं।

साहू ने आर्य पर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘आपके दिमाग में एक बात भर गई है कि आप जीवनभर नेता और मंत्री रहेंगी। लेकिन ऐसा नहीं है। जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं। हो सकता है कि आप आज ताकतवर हों, लेकिन वे दिन भूल गईं जब मैंने सड़क पर खड़ी एक महिला को कहां से कहां पहुंचा दिया। यह बात पूरे उत्तराखंड को मालूम है।’’

उन्होंने मंत्री से कहा कि अगर उन्होंने पुलिस को दी गई अपनी ‘फर्जी तहरीर’ और बयान वापस नहीं लिए, तो भोले बाबा बनखंडी नाथ उनसे हर चीज का चुन-चुनकर हिसाब लेंगे।

साहू ने दावा किया कि उन्होंने हमेशा आर्य को भ्रष्टाचार करने से रोका। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी आर्य के कथित भ्रष्टाचार की शिकायत की थी और मुख्यमंत्री ने इस पर आर्य को डांटा भी था।

साहू ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वह किसी भी एजेंसी से आर्य के खिलाफ लगे आरोपों की जांच करा लें। साहू ने कहा कि जिस महिला के पास कभी पांच रुपये भी नहीं थे, आज उसके पास 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति है।

उन्होंने कहा कि वह इस बारे में विस्तार से बताएंगे। आर्य ने बृहस्पतिवार शाम को साहू के खिलाफ मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक टिप्पणियां करने और जान से मारने की साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

देहरादून के कैंट पुलिस थाने में मामला दर्ज कराने के बाद मंत्री ने रोते हुए एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी थी।

भाषा

दीप्ति रवि कांत