नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर शुक्रवार को निशाना साधते हुए इस कार्रवाई को ‘‘सरासर तानाशाही’’ का संकेत बताया।
केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ ये तो सरासर तानाशाही है। क्या तिरंगा लहराना जुर्म है? अभिजीत की गिरफ्तारी दिखाती है कि (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी इनसे कितने डरते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिन्हें भारतीय तिरंगे से परेशानी है, वे पाकिस्तान चले जायें।’’
दीपके को शुक्रवार को यहां उनके आवास से उस समय हिरासत में लिया गया, जब वह कनॉट प्लेस में आयोजित ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए निकल रहे थे।
‘आप’ ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन और मध्य दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय के पास तिरंगा मार्च निकाला।
‘आप’ नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार यह ‘निर्देश’ नहीं दे सकती कि आम लोग राष्ट्रीय ध्वज कहां फहरा सकते हैं।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश