नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण बनाने वाली कंपनी टोंबो इमेजिंग इंडिया लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शुक्रवार को बोली के दूसरे दिन 7.77 गुना अभिदान मिला।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के अनुसार, 852.18 करोड़ रुपये के इस आईपीओ के तहत बिक्री के लिए रखे गए 85,26,033 शेयरों के मुकाबले 6,62,65,605 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 14.35 गुना जबकि खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 7.12 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 3.95 गुना अभिदान मिला।
टोंबो इमेजिंग इंडिया लिमिटेड के आईपीओ को बृहस्पतिवार को बोली के पहले दिन ही पूरी बोली मिल गयी थी।
कंपनी ने बुधवार को एंकर निवेशकों से 255.36 करोड़ रुपये जुटाए थे। आईपीओ के लिए बोली लगाने की अंतिम तारीख 19 अक्टूबर है।
इस निर्गम में प्रवर्तकों और मौजूदा शेयरधारकों की ओर से 1.22 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। इसमें नए शेयर जारी नहीं किए जा रहे हैं।
चूंकि यह आईपीओ पूरी तरह ओएफएस पर आधारित है, इसलिए कंपनी को इससे कोई राशि प्राप्त नहीं होगी।
निर्गम के लिए प्रति शेयर मूल्य दायरा 665 से 700 रुपये तय किया गया है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण