मुंबई, 16 अक्टूबर (भाषा) मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह शुक्रवार को यहां महाराष्ट्र साइबर प्रकोष्ठ के समक्ष पेश हुए और नयी दिल्ली में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अपना बयान दर्ज कराया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने बताया कि जनवरी 2026 में आयोजित संगीत कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर मुंबई के एक निवासी द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद 43 वर्षीय गायक को पूछताछ के लिए तलब किया गया था।
उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया।
संगीत कार्यक्रम के बाद कथित अश्लील टिप्पणी वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद इंटरनेट उपयोगकर्ताओं ने इसकी आलोचना की थी।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल