नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित कस्टमर एक्सपीरियंस सॉल्यूशन उपलब्ध कराने वाली कंपनी फ्यूजन सीएक्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन 4.45 गुना अभिदान मिला।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के अनुसार, 702 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 1,40,40,000 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 6,24,64,035 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
खुदरा निवेशकों की श्रेणी में 5.70 गुना, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 4.50 गुना अभिदान मिला। वहीं, पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी में 4.01 गुना अभिदान मिला।
फ्यूजन सीएक्स ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से 315 करोड़ रुपये जुटाए थे।
आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 275 से 289 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का निर्गम के बाद बाजार पूंजीकरण 4,170 करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है।
इस सार्वजनिक निर्गम में 500 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि मौजूदा शेयरधारकों पी एन एस बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड और राशिश कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 202 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
कोलकाता मुख्यालय वाली यह कंपनी दूरसंचार, स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी, यात्रा, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा और खुदरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में ग्राहक अनुभव और कृत्रिम मेधा (एआई)-आधारित समाधान उपलब्ध कराती है।
कंपनी के शेयरों को 22 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाने का प्रस्ताव है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण